लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, एक ढेर, थाना प्रभारी को भी गोली

पौंधा रोड पर एक व्यक्ति को गोली मारकर बदमाशों ने उसकी चेन और नकदी लूट ली और मौके से भाग गए। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक बदमाश ढेर हो गया, जबकि दो बदमाश फरार हो गए, उनमें से एक घायल है। वहीं, प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में दो गोली लगी हैं।

जानकारी के अनुसार, पौंधा रोड पर एक व्यक्ति को गोली मारकर बदमाशों ने उसकी चेन और नकदी लूट ली और मौके से भाग गए। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को मार गिराया, जबकि दो फरार हो गए। इस दौरान प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को भी दो गोलियां लगीं, जिन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


उधर, लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने जिस व्यक्ति को गोली मारी थी उसको भी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस सघन कांबिंग अभियान चला रही है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रात 10 बजकर 36 मिनट में पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पौंधा में एक व्यक्ति को गोली मारकर बदमाश उसकी चेन, मोबाइल फोन और पैसे छीनकर भागे हैं। इसके बाद सभी थाना क्षेत्रों में अलर्ट कर दिया गया। सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पूरी पुलिस फोर्स के साथ जांच कर रहे थे। जो गाड़ी बताई गई थी इंस्पेक्टर प्रेमनगर को वो गाड़ी दिखी तो उसे रुकने का इशारा किया, उसमें तीन बदमाश बैठे थे।

उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। इसमें दो गोली प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को लगीं। इस दौरान पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इसमें एक बदमाश मारा गया। उसका शव कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।

पुलिस ने की सघन कांबिंग

मुठभेड़ में फरार हुए बदमाश की तलाश के लिए पुलिस ने सघन कांबिंग शुरू कर दी है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि टीमें जंगल में भी कांबिंग कर रही हैं और सड़क पर भी नजर बनाए हुए हैं।
 

पूरे शहर में नाकेबंदी

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र में लूट की घटना की सूचना मिलने के बाद ही सभी थानों में अलर्ट कर दिया गया था। मुठभेड़ के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। शहर के हर चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बैरिकेडिंग लगाकर हर वाहन की जांच की जा रही और संदिग्धों पर पुलिस कड़ी नजर बनाए हुए है। जिलेभर में पुलिस थानों को अलर्ट भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page