पीड़ित ने बताया कि नौ जून की रात किसी बात को लेकर उनका हरियाणा नंबर की कार में सवार कुछ युवकों से विवाद हो गया था। विवाद के बाद युवकों ने उन पर लात-घूंसों तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
सहस्त्रधारा रोड स्थित ऋषि नगर क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ मारपीट और गुंडागर्दी करने वाले दो आरोपियों राज और प्रियांशु को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हरियाणा नंबर की कार को भी सीज कर दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार सहस्त्रधारा रोड निवासी कवि कुमार ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया कि नौ जून की रात किसी बात को लेकर उनका हरियाणा नंबर की कार में सवार कुछ युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने उन पर लात-घूंसों तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को सहस्त्रधारा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज सिंह सुयाल निवासी गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ (हाल निवासी शिव गंगा एंक्लेव, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून) तथा प्रियांशु मिश्रा निवासी आगरा (हाल निवासी शिव गंगा एंक्लेव, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार संख्या एचआर-26-बीएम-1733 को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।