दून पुलिस में फेरबदल, इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टरों के तबादले

विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत देहरादून पुलिस में इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। जिले के थानों में रिक्तियों को देखते हुए 18 इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टरों के तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किए गए हैं। इनमें सात इंस्पेक्टर पुलिस लाइन से विभिन्न थानों में प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, कई थानाध्यक्षों को नई तैनाती दी गई है।

स्थानांतरण सूची के अनुसार इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी को पुलिस लाइन से कोतवाली नगर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा को पटेलनगर, विरेंद्र चंद्र रमोला को रायपुर, मुकेश चौहान को रायवाला, मनोहर भंडारी को प्रेमनगर, नरेंद्र बिष्ट को सहसपुर और शांति कुमार को सेलाकुई थाने का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

इंस्पेक्टर बीएल भारती को चकराता के प्रभारी निरीक्षक पद से हटाकर मसूरी का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। इंस्पेक्टर राकेंद्र कठैत को एएचटीयू से नेहरू कॉलोनी थाने का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर नरेश राठौर को पुलिस कार्यालय में तैनाती दी गई है।

सब इंस्पेक्टर स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। मोहन सिंह को रायवाला थानाध्यक्ष से एसएसआई डालनवाला, पीडी भट्ट को राजपुर थानाध्यक्ष से रानीपोखरी थानाध्यक्ष और मनोज नौटियाल को सहसपुर थानाध्यक्ष से बसंत विहार थानाध्यक्ष बनाया गया है।
शैंकी कुमार को सेलाकुई थानाध्यक्ष से एसओजी प्रभारी देहात, गिरिश नेगी को प्रेमनगर थानाध्यक्ष से एसएसआई सेलाकुई, अमित शर्मा को बसंत विहार थानाध्यक्ष से एसआईएस शाखा और संजीत कुमार को रायपुर थानाध्यक्ष से एसआईएस शाखा में भेजा गया है। वहीं, कुलेन्द्र सिंह को एसएसआई डालनवाला से थाना डालनवाला में तैनाती दी गई है।

पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए थानों में रिक्त पदों को भरने और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page