चीन के हांगज़ो शहर में चल रहे एशियन गेम्स में अब तक भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है.
हालाँकि पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर है. भारत मेज़बान चीन और जापान से काफ़ी पीछे है.
रविवार को एक दिन में 15 पदक जीतकर भारत ने ये उम्मीद जताई है कि शायद ये एशियन गेम्स उसके अब तक के सबसे बेहतर प्रदर्शन वाले गेम्स रहें.
रविवार को ट्रैक एंड फ़ील्ड मुक़ाबलों में भारत ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया.
इन मुक़ाबलों में भारत को गोल्ड भी मिले, सिल्वर भी मिले और ब्रॉन्ज़ भी.
लेकिन इन सबके बीच महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में एक विवाद खड़ा हो गया.
विवाद चीन की खिलाड़ी यानी वू को लेकर था, लेकिन इसमें भारत की खिलाड़ी ज्योति यर्राजी भी फँस गईं.
पहले अधिकारियों को ये लगा कि चीन की यानी वू और भारत की ज्योति दोनों ने ग़लत शुरुआत की और एक बार ऐसा लगा कि दोनों को अयोग्य करार दे दिया जाएगा.
लेकिन दोनों खिलाड़ियों ने अपना विरोध जताया और भारतीय अधिकारियों ने भी इस मामले में अपना विरोध दर्ज कराया.
दौड़ में ज्योति तीसरे नंबर पर आईं, लेकिन बाद में चीन की खिलाड़ी को अयोग्य करार दिया गया और ज्योति को सिल्वर मेडल मिल गया.