वैयक्तिक सहायक भर्ती…कम योग्य अभ्यर्थी मिले, यूकेएसएसएससी अब जल्द जारी करेगा दूसरी मेरिट सूची

पिछले साल 17 सितंबर को आशुलिपिक, वैयक्तिक सहायक आदि के 293 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इनकी लिखित परीक्षा आठ दिसंबर 2024 को आयोजित की गई थी। भर्ती में कम योग्य अभ्यर्थी मिले। अब यूकेएसएसएससी जल्द दूसरी मेरिट सूची जारी करेगा।

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) को आशुलिपिक, वैयक्तिक सहायक व अन्य पदों के लिए आयोजित भर्ती से टंकण व आशुलिपि परीक्षा में पूरे योग्य अभ्यर्थी नहीं मिल पाए। अब आयोग लिखित परीक्षा के आधार पर ही दूसरी मेरिट जारी करेगा, जिनकी टंकण परीक्षा होगी।

आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, पिछले साल 17 सितंबर को आशुलिपिक, वैयक्तिक सहायक आदि के 293 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इनकी लिखित परीक्षा आठ दिसंबर 2024 को आयोजित की गई थी।

इसके आधार पर आयोग ने इस साल 31 जनवरी को टंकण व आशुलेखन परीक्षा के लिए योग्य अभ्यर्थियों की सूची जारी की। सूची वाले अभ्यर्थियों की देहरादून व नैनीताल में 16 जून से 10 जुलाई के बीच टंकण व आशुलेखन परीक्षा कराई गई।

उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में विज्ञापित कुल 293 पदों के सापेक्ष टंकण व आशुलेखन परीक्षा में पूर्ण संख्या में अर्ह अभ्यर्थी प्राप्त नहीं हुए हैं। लिहाजा, बाकी पदों के सापेक्ष टंकण व आशुलेखन परीक्षा के लिए द्वितीय चरण की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जल्द आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। उन्हें इसी हिसाब से अपनी तैयारी करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page