पटेलनगर थाना क्षेत्र के बडोवाला में चोरों ने घर में घुसकर लॉकर का ताला तोड़कर 45 लाख रुपये के जेवर और 1.20 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमन रावत निवासी बडोवाला चंदन विहार ने पुलिस को बताया कि 19 मई को दोपहर एक बजे वह अपनी पत्नी के साथ पानी का बिल जमा करने के लिए बसंत विहार स्थित पेयजल कार्यालय गए हुए थे। दो घंटे बाद तीन बजे जब वे घर पहुंचे तो मेन गेट का अंदर से ताला टूटा हुआ था। उन्होंने जब घर के अंदर जाकर देखा तो लॉकर का भी ताला टूटा था।
लॉकर में रखे जेवर और नकदी गायब थी। पीड़ित के मुताबिक चोरों ने लॉकर से तीन सोने की चेन, पांच अंगूठी, एक ब्रस्लेट, छह जोड़ी बाली, दो मंगलसूत्र, सात नाक की बाली, दो चांदी की पायल और 1.20 लाख रुपये नकदी चुराई है। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए थे। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। चोर को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।