चारधाम यात्रा में अब तक तीस लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण कर चुके हैं। जीएमवीएन के विश्राम गृहों में अब तक नौ करोड़ की बुकिंग हो चुकी है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, बीते वर्ष की तुलना में इस बार चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की नया रिकॉर्ड बनाएगी। यात्रा के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पंजीकरण कर रहे हैं। यात्रा मार्गों पर जीएमवीएन के विश्राम गृहों में अब तक नौ करोड़ की बुकिंग हो चुकी है।
महाराज ने बताया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम के विश्राम गृहों में 16 फरवरी 2026 से ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई थी। अब तक 9.9 लाख की बुकिंग हो चुकी है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से 30 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं।
इनमें नौ लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। ऑनलाइन यात्रा पंजीकरण के लिए registrationandtouristcare.uk.gov.in या TouristCare UK मोबाइल एप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा ऋषिकेश, हरिद्वार, विकासनगर में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा है।
यात्रा के दौरान क्यूआर कोड चेकपोस्ट पर स्कैन होगा और बिना पंजीकरण वाले यात्रियों को वापस भेजा जाएगा। कहा कि 50 साल से अधिक आयु वाले श्रद्धालु हेल्थ स्क्रीनिंग सेंटर पर जांच अवश्य कराएं। उन्होंने तीर्थयात्रियों से आग्रह किया कि धामों में स्वच्छता बनाने में सहयोग करें। धामों की पवित्रता बनाए रखना हम सभी जिम्मेदारी है।