केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, श्रद्धालुओं से की पांच संकल्प अपनाने की अपील

केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर पीएम मोदी ने शुभकामनाएं देने के साथ ही एक्स पर लिखा-बाबा केदार के दर्शन समेत चारों धामों की यह पावन यात्रा भारत की सनातन सांस्कृतिक चेतना का एक भव्य उत्सव है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पांच सकल्प लेने की अपील की।

जय बाबा केदार की जयकारों के साथ आज केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इसी के साथ केदारनाथ यात्रा का शुभारंभ भी हो गया है। सीएम धामी ने जहां केदारनाथ धाम में कपाटोद्घाटन के दौरान पूजा-अर्चना की, वहीं पीएम मोदी शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की। 

बाबा केदार से सभी पर कृपा बनाए रखने और यात्रा को मंगलमय बनाने की प्रार्थना के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि चारधाम यात्रा भारत की आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुल चुके हैं, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे।

अपने संदेश में पीएम मोदी ने श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की। इनमें स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और सहयोग की भावना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और यात्रा के नियमों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने यात्रियों से डिजिटल उपवास रखने और उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता को महसूस करने की भी सलाह दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा भारत की सांस्कृतिक चेतना का बड़ा उत्सव है और यह एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करती है।

पीएम मोदी ने कहा कि केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है। इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page