राज्य लोक सेवा आयोग को मिला नया स्थायी अध्यक्ष: ले. जनरल गजेंद्र जोशी को मिली कमान

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को जून 2023 के बाद आखिरकार स्थायी अध्यक्ष मिल गया है। राज्य सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है, साथ ही आयोग में नए सदस्य की भी नियुक्ति की गई है।

ले. जनरल गजेंद्र जोशी (सेनि.) उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। उनके साथ ही डॉ.हेमचंद्र पांडे को आयोग में सदस्य नियुक्त किया गया है। आयोग में स्थायी अध्यक्ष की कुर्सी जून 2023 से खाली थी। राज्य लोक सेवा आयोग के पास अहम भर्तियों की जिम्मेदारी है लेकिन साल-दर-साल यहां अध्यक्ष व सदस्यों की कुर्सी खाली होती चली गई।

इस कारण भर्तियों पर भी असर पड़ रहा था। आयोग बहुत महत्वपूर्ण फैसले नहीं ले पा रहा था। अमर उजाला ने 28 मई के अंक में प्रमुखता से यह मुद्दा उठाया था। आखिरकार शासन में फाइल चल निकली और आयोग अध्यक्ष व सदस्य पद पर तैनाती कर दी गई। मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी हो गए।

आयोग के नए अध्यक्ष ले. जनरल गजेंद्र जोशी (सेनि.) मूलरूप से चंपावत जिले के लटोली के निवासी हैं। उन्होंने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित स्ट्राइक-1 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) और महू स्थित इन्फैंट्री स्कूल के कमांडेंट के रूप में अपनी सेवाएं दीं। 38 वर्षों से अधिक की विशिष्ट और अनुकरणीय सेवा देने के बाद, वे 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए।

उन्होंने अपने कॅरिअर में श्रीलंका में ऑपरेशन पवन, जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक और पूर्वोत्तर भारत में कई आतंकवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया। उनके शानदार नेतृत्व के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (पीवीएसएम) के अलावा अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और सेना मेडल (एसएम) से भी सम्मानित किया जा चुका है।

जून 2023 से नहीं थे स्थायी अध्यक्ष

11 जून 2023 में आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद आयोग के वरिष्ठ सदस्य डॉ. जगमोहन सिंह राणा और फिर रविदत्त गोदियाल ने बतौर प्रभारी अध्यक्ष जिम्मेदारी संभाली। फिलहाल वरिष्ठ सदस्य अनिल कुमार राणा बतौर कार्यवाहक ये जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page