लगातार बारिश के बीच राज्य का बिजली उत्पादन बढ़ा, गर्मी की वजह से मांग में भी हुआ इजाफा

उत्तराखंड में लगातार बारिश से बिजली उत्पादन बढ़ा है। यूजेवीएनएल का उत्पादन 1.6 करोड़ यूनिट से ऊपर पहुंचा। वहीं बिजली की मांग दो दिन के भीतर फिर 4.8 करोड़ यूनिट पार हो गई।

पिछले कुछ दिनों में लगातार बारिश के बीच राज्य का बिजली उत्पादन बढ़ गया है। इधर, पिछले दो दिन की तेज धूप की वजह से बिजली की मांग में भी इजाफा हुआ है। हालांकि फिलहाल यूपीसीएल ने कहीं भी घोषित या अघोषित कटौती से इंकार किया है।

पिछले वर्ष की तुलना में इस बार यूपीसीएल को बिजली की मांग के हिसाब से काफी राहत है। पिछले साल मई माह में बिजली की मांग करीब 6.2 करोड़ यूनिट तक पहुंची थी, जबकि औसत मांग 5.1 करोड़ यूनिट थी। शुरुआत के दो सप्ताह में ही बिजली की मांग ने 5.2 करोड़ तक का आंकड़ा छू लिया था। लेकिन इस बार शुरू के दो सप्ताह में अब बिजली की मांग पांच करोड़ यूनिट के करीब पहुंची है।

मांग के सापेक्ष पूरी बिजली उपलब्ध
पिछले तीन दिन में तेजी से बिजली की मांग में बढ़ोतरी हो रही है। 11 मई को बिजली की मांग 4.4 करोड़ यूनिट थी जो कि 12 मई को बढ़कर 4.8 करोड़ यूनिट और 13 मई को करीब 5 करोड़ यूनिट पर पहुंच गई। यूपीसीएल के निदेशक परिचालन एमआर आर्य का कहना है कि फिलहाल मांग के सापेक्ष पूरी बिजली उपलब्ध है। कहीं भी कटौती नहीं की जा रही है।

उधर, राज्य में पिछले कुछ दिनों से बारिश की वजह से बिजली उत्पादन बढ़ने लगा है। यूजेवीएनएल के अधिकारियों के मुताबिक, बारिश और ग्लेशियर पिंघलने के कारण उत्पादन बढ़ना शुरू हो गया है। वर्तमान में बिजली उत्पादन 1.6 करोड़ यूनिट पार का चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा दो करोड़ यूनिट पार हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page