उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के राजस्व संसाधनों को बढ़ाने के लिए नए स्रोतों पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कर राजस्व से जुड़े विभागों को सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन अपनाने और राजस्व संग्रहण में वृद्धि के लिए नई रणनीतियाँ अपनाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने एसजीएसटी परिवहन आबकारी वानिकी ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में और अधिक प्रयास करने पर बल दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की आय के संसाधन बढ़ाने के लिए बुधवार को स्वयं मोर्चा संभाला। कर राजस्व से जुड़े विभागों को सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन का मूल मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि राजस्व संसाधनों में वृद्धि के लिए प्रयास और नवाचार में तेजी लाई जाए। राजस्व बढ़ाने के लिए नए स्रोतों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने सचिवालय में वित्तीय मितव्ययता और राजस्व वृद्धि के संबंध में बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संग्रहण में वृद्धि के लिए नई रणनीति और तौर-तरीके अपनाए जाएं। कर संग्रहण प्रक्रिया में और सुधार किया जाए। साथ में कर चोरी रोकने के लिए नियमित कड़े कदम उठाए जाने चाहिए।