आज हरिद्वार में कैबिनेट, बैठक से पहले सीएम धामी ने मंत्रिमंडल के साथ हरकी पैड़ी पर की पूजा-अर्चना

हरिद्वार में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में कई अहम विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा के साथ फैसले लिए जा सकते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री और मंत्री हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रिमंडल की बैठक हरिद्वार में आयोजित होगी। बैठक में स्वास्थ्य, आवास, शहरी विकास सहित अन्य विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा। हरिद्वार के केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन में कैबिनेट की बैठक होगी।

इससे पहले धर्मनगरी हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन की कामना के साथ हरकी पैड़ी पर पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन में कैबिनेट की बैठक आयोजित की जाएगी।

बता दें कि मुख्यमंत्री ने हर जिले में कैबिनेट बैठक करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत चंपावत जिले से हो चुकी है। अब दूसरी कैबिनेट बैठक हरिद्वार में हो रही है। माना जा रहा है कि इसमें प्रदेश सरकार कई महत्वपूर्ण फैसलों को हरी झंडी दे सकती है। इसके अलावा आगामी विधानसभा सत्र को लेकर कैबिनेट में स्थान व तारीख तय हो सकती है। सरकार को 30 अक्तूबर से पहले सत्र आहूत करना है।

मुख्यमंत्री धामी आज नई दिल्ली जाएंगे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह सोमवार को नई दिल्ली जाएंगे। उनकी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ प्रदेश के विभिन्न योजनाओं को लेकर बैठक करेंगे। हरिद्वार में कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page