जाल में फसेंगी बड़ी मछलियां, विशेष पैटर्न पर कराई जा रही नकल, जल्द होंगे बड़े खुलासे

एसएससी ऑनलाइन परीक्षा नकल मामले में बड़ी मछलियां जल्द फसेंगी। परीक्षाओं में एक विशेष पैटर्न पर नकल कराई जा रही है। उत्तराखंड के बाद अब यूपी एसटीएफ ने भी एक प्रयोगशाला में नकल का भंडाफोड़ किया है। देहरादून की प्राथमिकी में वांछित दो लोग पकड़ मेंआए हैं। मामले जल्द बड़े खुलासे  हो सकते हैं।

एसएससी ऑनलाइन परीक्षाओं में एक विशेष पैटर्न पर नकल कराई जा रही है। देहरादून के अलावा अब नोएडा में भी यूपी एसटीएफ ने एक प्रयोगशाला में नकल का भंडाफोड़ किया और सात लोगों को पकड़ा था। इसमें भी दो लोग देहरादून की प्राथमिकी में वांछित हैं। ऐसे में मामला केवल उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा।

शुरुआत से ही इस बात की जानकारी उत्तराखंड एसटीएफ को लगी थी कि परीक्षा के लिए प्रयोगशालाएं स्थापित करने वालों ने ही सर्वर रूम में छेड़छाड़ कर नकल का तंत्र बनाया है। ऐसे में अब एसएससी परीक्षाओं के इन मामलों की भी व्यापक जांच होती है तो इसमें भी नीट की तरह बड़ी मछलियां जाल में फंस सकती हैं।


एसटीएफ ने गिरोह के एक सदस्य को पकड़ा
दरअसल, उत्तराखंड एसटीएफ ने फरवरी में एमकेपी में स्थापित एक ऑनलाइन लैब में नकल का भंडाफोड़ किया था। इसके बाद से महादेव डिजटल नाम की इस लैब को बंद करा दिया गया। लगातार धरपकड़ हुई और कई बातें एसटीएफ को चौंकाने वाली पता चलीं। गत 16 मई को भी इस गिरोह के एक सदस्य को एसटीएफ ने पकड़ा था। उसी ने देशभर में करीब 500 लैब स्थापित की हैं। इन लैब में से 100 से ज्यादा लैब ऐसी हैं जिनमें उन्होंने सर्वर रूम में अपने गिरोह के कुछ सदस्यों को एक्सेस देकर नकल का तंत्र बनाया। बात सामने आई तो एसटीएफ ने एक लैब को बंद करा दिया। इस मामले में अमित राणा और उसका एक साथी पकड़ से बाहर था।

एसटीएफ उत्तराखंड ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ के साथ भी इस जानकारी को साझा किया था। ऐसे में वहां भी एसटीएफ सक्रिय हुई और पिछले दिनों नोएडा के एक सेंटर पर आयोजित हो रही एसएससी की सीएपीएफ, एसएसएफ ओर असम राइफल्स की परीक्षा में नकल का भंडाफोड़ किया। यहां भी उसी पैटर्न पर परीक्षा में नकल कराई जा रही थी जैसे देहरादून के एमकेपी स्थित लैब में प्रबंध किया गया था। ऐसे उत्तराखंड एसटीएफ की जांच की वहां भी पुष्टि हो रही है। यूपी एसटीएफ ने सात आरोपियों में अमित राणा और उसके साथी को भी गिरफ्तार किया है। ऐसे में अब देखने वाली बात है कि आगामी एसएससी की परीक्षाओं की निगरानी का तंत्र मजबूत होता है या इनकी व्यापक जांच कराने के बाद दोबारा परीक्षाएं कराई जाएंगी।

एसएससी की परीक्षाओं की शुचिता पर सवाल

कर्मचारी चयन आयोग भारत सरकारी की विभिन्न सेवाओं में भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित कराती है। देशभर में कई परीक्षाएं अब ऑनलाइन मोड से होती हैं। इसके लिए पूरे देश में सैकड़ों लैब स्थापित की गई हैं। यूपी और उत्तराखंड में पकड़े गए इन मामलों से इन परीक्षाओं की शुचिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। नोएडा में भी परीक्षार्थियों से चार-चार लाख रुपये लेकर पास कराए जाने की बात सामने आई।

उत्तराखंड एसटीएफ ने अब तक नकल मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया है। नोएडा में हुई कार्रवाई में भी यहां के वांछित पकड़ में आए हैं। एक ही पैटर्न पर नकल की जा रही थी। इस मामले में जांच जारी है। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। -अजय सिंह, एसएसपी उत्तराखंड एसटीएफ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page